छत्तीसगढ़ के धमतरी में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गावाहिनी ने क्रिश्चियन अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठनों ने एक हफ्ते पूर्व किए गए आंदोलन की जानकारी दी। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री ने बताया कि 28 जून को आंदोलन के बाद प्रशासन ने जांच समिति का गठन किया था। प्रशासन ने 7 दिन का समय मांगा था। लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। संगठनों का आरोप है कि अस्पताल में मरीजों के साथ लूट की जा रही है। नर्सिंग कॉलेज की आड़ में धर्मांतरण कराया जा रहा है। विहिप और बजरंग दल ने अस्पताल को सील करने की मांग की है। साथ ही दोषी डॉक्टरों और अस्पताल डायरेक्टर पर हत्या की धारा में कार्रवाई की मांग की है। क्रिश्चियन हॉस्पिटल के प्रबंधक ने आरोपों को बताया निराधार क्रिश्चियन हॉस्पिटल के प्रबंधक संदीप पटोंदा ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में बिना किसी भेदभाव के सभी मरीजों का इलाज किया जाता है। किसी विशेष धर्म को टारगेट करने का आरोप गलत है। प्रशासन की कार्रवाई से नाराज संगठनों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।


