छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार-मंगलवार की रात उप डाकघर में चोरी की कोशिश की गई। चोर पीछे के तीन दरवाजों के कुंडल तोड़कर अंदर घुसे। लेकिन तिजोरी नहीं खुली तो कुछ पार्सल चुरा ले गए। यह मामला नगरी थाना क्षेत्र का है। डाकघर के पोस्टमास्टर जीवनलाल साहू ने बताया कि, सोमवार शाम को वे कार्यालय बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह प्यून ने जब दरवाजा खोला तो अंदर के तीन दरवाजों के ताले टूटे मिले। चोर तिजोरी तक पहुंचे और पास में रखी अलमारी का कुंडल तोड़ा। एक तिजोरी में दस्तावेज मिले, लेकिन दूसरी तिजोरी मजबूत होने के कारण नहीं खुली। चोरों ने डाकघर में करीब एक घंटा बिताया। उन्होंने वहां रखे कुछ पार्सल की जांच की और कुछ लेकर फरार हो गए। इस मामले में नगरी एसडीओपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि, पोस्टमास्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।


