छत्तीसगढ़ में चाकूबाजी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। धमतरी में हुए ट्रिपल मर्डर का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि बालोद जिले में धमतरी के एक युवक की गले में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से 3 दिन पहले ही रायपुर में बालोद के एक डिलीवरी बॉय की चाकूबाजी में जान चली गई थी। मामला पुरुर थाना क्षेत्र का है। जहां ग्राम चिटौद में मंगलवार (12 अगस्त) की शाम 2 युवकों में मामूली बहस हो गई। जिसके बाद आरोपी ने युवक के गले में चाकू घोंपकर उसे मार डाला। मृतक भागवत मरकाम (32) धमतरी के ग्राम माडमसिल्ली का रहने वाला था। वह बालोद में मेहमान बनकर गया था। हिरासत में संदेही बताया जा रहा है कि भागवत तालाब की ओर जा रहा था। इसी दौरान बसंत किराना स्टोर के सामने विवाद हुआ। गंभीर रूप से घायल भागवत को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदेही मनीष सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुरुर पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
रायपुर में बालोद के युवक की हत्या वहीं 3 दिन पहले ही रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में फूड डिलीवरी के दौरान बालोद जिले के डौंडी ब्लॉक के ग्राम हाथीगोर्रा टेकाढोड़ा के रहने वाले हेमंत कोठारी (23 साल) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। डीडी नगर पुलिस के मुताबिक रविवार (10 अगस्त) को शाम करीब 4:30 बजे हेमंत की बाइक पप्पू यादव (22) की बाइक से टकरा गई थी। इस मामूली टक्कर को लेकर दोनों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। इसके बाद हेमंत एक मकान में फूड डिलीवरी देने गया। लौटते समय आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इलाज के दौरान तोड़ा दम घायल हेमंत को महादेव घाट रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे एम्स रेफर किया गया। इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। हेमंत पिज्जा डिलीवरी का काम करता था और रायपुरा इलाके में किराए पर रहता था। वह तीन महीने पहले ही पिज्जा डिलीवरी कंपनी में शामिल हुआ था। वह अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा था।


