छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने गौ तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना नंबर की पिकअप से 5 गाय बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला मगरलोड थाना क्षेत्र का है। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम अमलीडीह में कुछ लोग बिना नंबर की पिकअप में गायों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चांद कुर्रे (19), राहुल कुर्रे (23), दुर्गेश कुमार ध्रुव (31) और लीलाधर जोगी (23) शामिल हैं। पूछताछ में चांद कुर्रे ने बताया कि वह अपने साथियों के कहने पर बिना नंबर की पिकअप लेकर अमलीडीह आया था। बरामद गायों की कीमत लगभग 25 हजार रुपए आंकी गई है। नहीं पेश कर पाए दस्तावेज पुलिस ने आरोपियों से वाहन और मवेशियों के दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। सभी आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


