छत्तीसगढ़ के धमतरी में दो अलग-अलग स्थानों पर ट्रैक्टर दुर्घटनाएं हुईं। एक मामले में रेत से भरे ट्रैक्टर का टायर चलती ट्राली से अचानक निकल गया, जबकि दूसरे मामले में पानी की पाइप लदी ट्रैक्टर ट्रॉली का अगला हिस्सा हवा में उठ गया और ट्रैक्टर उलट गया। दोनों घटनाओं में ट्रैक्टर सवार बाल-बाल बच गए। पहली घटना: गंगरेल रोड पर रेत से भरे ट्रैक्टर का टायर निकला गंगरेल रोड से अंबेडकर चौक की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली में रेत भरी हुई थी और उसमें तीन मजदूर सवार थे। अचानक ट्रॉली का पिछला टायर चलती ट्रैक्टर से निकलकर सड़क पर गिर गया। इसके बावजूद ट्रॉली कुछ दूर तक बिना टायर के ही खिंचती रही। ड्राइवर ने समय रहते वाहन को रोका, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मजदूरों को कोई नुकसान नहीं हुआ। थोड़ी देर बाद ट्रैक्टर मालिक ने टायर लगाकर वाहन को हटाया। दूसरी घटना: हाईवे पर पानी की पाइप लदी ट्रॉली पलटी दूसरी घटना टिकरापारा क्षेत्र की है, जहां पानी की पाइप से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली का अगला हिस्सा अचानक सड़क पर उठ गया। वजन असंतुलित होने के कारण ट्रॉली का पिछला हिस्सा जमीन में धंस गया और ट्रैक्टर का अगला हिस्सा करीब 3 फीट तक हवा में उठ गया, जिससे ट्रैक्टर बीच सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि ड्राइवर और हेल्पर सुरक्षित रहे। हादसे के कारण हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को सड़क किनारे करवाया और यातायात सुचारू कराया। स्थानीय लोगों के अनुसार, धमतरी में ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।


