छत्तीसगढ़ के धमतरी में सोमवार सुबह दो सरकारी वाहनों की टक्कर हो गई। इस हादसे में पुलिस पेट्रोलिंग वाहन और 108 एम्बुलेंस दोनों डैमेज हो गए, हालांकि उनमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। घटना शहर के बीच हाईवे पर छत्रपति शिवाजी चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार, अर्जुनी थाना का पेट्रोलिंग वाहन अंबेडकर चौक की ओर से आ रहा था, जबकि 108 एम्बुलेंस घड़ी चौक की दिशा से आ रही थी। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके सामने का हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया। हादसे के बाद हाइवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया, ताकि यातायात सुचारु हो सके। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। धमतरी जिले में तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। यह हादसा भी इसी कड़ी का हिस्सा बताया जा रहा है, जिसमें सरकारी वाहन भी चपेट में आ गए।


