धमतरी में धान टोकन नहीं मिलने से किसान नाराज:एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे, कर्ज माफी या धान छोड़ने की चेतावनी

छत्तीसगढ़ के धमतरी में धान खरीदी के लिए टोकन जारी न होने से नाराज किसानों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनका धान नहीं बिका तो या तो उनका कर्ज माफ किया जाए, या वे अपना धान एसडीएम कार्यालय में छोड़ देंगे। जिले के सुदूर वनांचल रिसगांव क्षेत्र के लगभग 30-40 किसान अपनी समस्या लेकर पहले विधायक कार्यालय नगरी पहुंचे। वहां विधायक प्रतिनिधि के सामने अपनी बात रखने के बाद, वे सभी एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम को मामले की जानकारी दी। SDM कार्यालय के बाहर बैठे किसान धान नहीं बेच पाने से आक्रोशित किसान एक घंटे से अधिक समय तक एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे। उन्होंने कहा कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे अपने धान को एसडीएम दफ्तर में लाकर छोड़ देंगे और अपने अधिकारों के लिए उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। टोकन जारी नहीं होने का आरोप विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली ने बताया कि रिसगांव और बादुलबाहरा के कई किसानों का एक भी बार टोकन नहीं कट पाया है। कुछ किसानों के टोकन दूसरे चरण की सूची में दिख रहे हैं, लेकिन वे अभी भी परेशान हैं क्योंकि उन्होंने कर्ज लिया हुआ है। एसडीएम ने भी स्वीकार किया है कि वर्तमान में टोकन जारी नहीं हो रहे हैं। आश्वासन के बाद हटे किसान आमा बाहरा निवासी किसान पुनाउ राम साहू ने बताया कि उन्होंने अभी तक धान नहीं बेचा है और उन पर करीब 45 हजार रुपये का कर्ज है। उन्हें सोसायटी से केवल आश्वासन मिल रहा है। हालांकि, एसडीएम द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *