छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कोतवाली और अर्जुनी थाना क्षेत्र में दो दिनों के अंदर धारदार हथियार से दो अलग-अलग हमले हुए हैं। पहली घटना में एक जीजा ने अपने सगे साले के गले पर धारदार हथियार से वार किया। साले को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। दूसरी घटना में एक ट्रक चालक पर अज्ञात युवक ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक की हालत को देखते हुए उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है। साले पर जीजा ने किया जानलेवा हमला पहला मामला सिटी कोतवाली थाना के सुभाष नगर वार्ड का है। यहां के रहने वाला जीजा गोलू सतनामी अपने घर के बच्चों को पीट रहा था। इसी दौरान साले कन्हैया बघेल ने जब बच्चे को पीटने से मना किया तो जीजा भड़क उठा।उसने धारदार हथियार से अपने साले पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर उसका इलाज जारी है। सिटी कोतवाली राजेश मरई ने बताया कि मामले में आरोपी पर अपराध दर्ज कर लिया गया है। हमलावर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। ट्रक चालक पर युवक ने चाकू से किया हमला अर्जुनी थाना क्षेत्र में दूसरी घटना हुई। मिली जानकारी के अनुसार भिलाई निवासी अमित कुमार पिता अनिल कुमार (25) ट्रक क्रमांक सीजी 04 HU 2835 का ड्राइवर है। ट्रक लेकर भखारा मार्ग से जा रहा था। इसी दौरान वह ग्राम देमार स्थित पेट्रोल पंप के पास अमित पर अज्ञात युवक ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको जिला अस्पताल पहुंचाया। चाकू के हमले से चालक के पेट की अंतड़ियां बाहर आ गई थी। गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टर ने उसे इलाज के लिये हायर सेंटर रिफर कर दिया।


