छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की है। कुरूद थाना और कोतवाली थाना क्षेत्र से दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने डिपो पारा स्थित कला मंच के पास से एक व्यक्ति को हेरोइन बेचते हुए पकड़ा। आरोपी की पहचान जोधापुर वार्ड निवासी रवि सोनी (39) के रूप में हुई है। उसके पास से 1 ग्राम हेरोइन, सिल्वर फॉइल पेपर, लाइटर, मोबाइल और 2,100 रुपए नगद बरामद किए गए। कुल बरामदगी की कीमत 15,100 रुपए आंकी गई है। दूसरे मामले में NH-30 से गांजा की तस्करी का भंडाफोड़ किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। कुल मिलाकर दोनों मामलों में 55 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। धमतरी पुलिस लगातार नशीले पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रही है। आरोपी रवि सोनी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दूसरा मामला थाना कुरूद क्षेत्र का है। आरोपी नीरज कुमार ध्रुवंशी (21 वर्ष), जो ग्राम कसही का रहने वाला है, प्लेटिना मोटरसाइकिल से मादक पदार्थ लेकर डांडेसरा की ओर जा रहा था। पुलिस ने डांडेसरा नहर पुल के पास उसे रोका और पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके बैग से 479 ग्राम गांजा और भूरे रंग की पॉलिथीन से 1.020 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल 1.499 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 15,000 रुपए आंकी गई है। साथ ही आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिससे कुल 40 हजार रुपए का माल बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


