छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नालंदा परिसर के निर्माण का विरोध हो रहा है। हटकेश्वर वार्ड के निवासियों ने चयनित स्थान पर परिसर बनाने का विरोध करते हुए कलेक्टर और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। वार्डवासियों का कहना है कि, इससे वे धार्मिक और अन्य आयोजनों से वंचित हो जाएंगे। दरअसल, धमतरी में नालंदा परिसर की मांग लंबे समय से उठ रही है, लेकिन इसके साथ ही विरोध भी सामने आया है। शहर के हटकेश्वर वार्ड में नालंदा परिसर बनाने के लिए एक जगह का चयन किया गया है। इसी चयनित स्थान को लेकर वार्डवासियों ने अपना विरोध दर्ज कराया है। वार्डवासियों ने कलेक्टर और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और मांग की कि चयनित जगह पर परिसर न बनाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर बनाया जाए। नवनिर्मित सामुदायिक भवन में यह प्रस्ताव अनुचित वार्डवासियों ने बताया कि धमतरी के लिए ग्रंथालय बनना गौरव की बात है। हटकेश्वर वार्ड में इसका निर्माण होना और भी गर्व का विषय है। हालांकि, धमतरी शहर के नवनिर्मित सामुदायिक भवन के प्रांगण में इस तरह के भवन का प्रस्ताव अनुचित है। सामुदायिक भवन में होते हैं बाकी आयोजन उन्होंने कहा कि पूर्व में नगर निगम के प्रयासों से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन और उसके सामने का प्रांगण वार्डवासियों के लिए आरक्षित किया गया था। इस हिस्से का इस्तेमाल शादी, जन्मदिन, जन्मोत्सव, बच्चों के खेल, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक कार्यक्रम और मंडाई जैसे आयोजनों के लिए किया जा रहा है, जो सभी के हित में है। वार्डवासियों ने यह भी बताया कि हटकेश्वर, सुभाषनगर और शीतलापारा जैसे क्षेत्रों में अब कोई अन्य खाली स्थान उपलब्ध नहीं है। इसलिए, उन्होंने मांग की है कि सर्वसुविधा की दृष्टि से नवनिर्मित सामुदायिक भवन के प्रांगण में किसी भी प्रकार का भवन या ग्रंथालय न बनाया जाए। उन्होंने नालंदा ग्रंथालय परिसर के लिए उचित स्थान का चयन करने का आग्रह किया।


