भास्कर न्यूज | बाड़मेर टीम बाड़मेर की आेर से आयोजित होने वाले बाड़मेर गौरव सम्मान 2026 के आयोजन को लेकर बुधवार को स्थानीय ब्रह्मा कुमारी आश्रम में बैठक आयोजित की गई। बैठक राजयोगिनी बी के बबीता बहन के सानिध्य में तथा टीम बाड़मेर के अध्यक्ष सुरेश जाटोल की अध्यक्षता में हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य बाड़मेर गौरव सम्मान 2026 के लिए जिले के अधिक से अधिक विशिष्ट एवं समाजसेवी व्यक्तियों तक जानकारी पहुंचाना तथा उनसे आवेदन आमंत्रित करना रहा। इस अवसर पर टीम बाड़मेर के सलाहकार आदिल भाई ने कहा कि बाड़मेर गौरव सम्मान का उद्देश्य उन लोगों को सम्मानित करना है, जो लंबे समय से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े मंच से सम्मानित नहीं हो पाए हैं। ऐसे धरातल पर काम करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करना ही इस आयोजन का मूल लक्ष्य है। टीम बाड़मेर के अध्यक्ष सुरेश जाटोल ने कहा कि जिले में शिक्षा, चिकित्सा, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति सहित अनेक क्षेत्रों में ऐसे अनेक लोग हैं, जिनका योगदान अनुकरणीय है। ऐसे सभी योग्य व्यक्ति आवेदन करें, ताकि निष्पक्ष रूप से चयन कर उन्हें सम्मानित किया जा सके। इस अवसर पर टीम बाड़मेर के महामंत्री अबरार मोहम्मद व सहमंत्री अजयनाथ गोस्वामी ने आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया तथा टीम के सभी सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि गांव-गांव और शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं एवं प्रबुद्धजनों तक संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया को सरल और व्यापक बनाया जाएगा। अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर बाड़मेर गौरव सम्मान 2026 को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महामंत्री अबरार मोहम्मद, कोषाध्यक्ष हरीश सुथार, सहमंत्री अजयनाथ गोस्वामी, कमल सिंहल, टीपू सुल्तान लोहार, प्रमोद जैसवाल, भूटा खान जुनेजा, प्रवक्ता छगनसिंह, जितेंद्र जाटोल, चोरूलाल सैन, शंकरलाल कड़ेला, सुशीला बहन, सलमा बानो, सीपी फुलवारिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


