प्रतापगढ़ जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ धरियावद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान बजरी से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया-सहायक उपनिरीक्षक शिवलाल अपनी टीम के साथ नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान पांचागुड़ा की ओर से एक ट्रैक्टर आता दिखा। पुलिस टीम ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने ट्रैक्टर को तेजी से भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी कर ट्रैक्टर को रोका। ट्रैक्टर की ट्रॉली की जांच करने पर उसमें अवैध बजरी भरी हुई पाई गई। चालक से पूछताछ में उसने अपना नाम जगदीश उर्फ जगला (40) निवासी धरियावद बताया। जब उससे बजरी परिवहन का परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर आरोपी जगदीश उर्फ जगला को गिरफ्तार कर लिया गया है।


