अशोकनगर जिले के चंदेरी में धर्म परिवर्तन कराने के एक मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल और लैपटॉप से धर्म प्रचार से संबंधित सामग्री जब्त की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर चंदेरी थाना प्रभारी प्रशांत यादव ने आरोपी राजेश पास्टर पिता टी टी राजन (45), निवासी रॉयल पैराडाइज कॉलोनी, अशोकनगर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान राजेश पास्टर के लैपटॉप और मोबाइल में धर्म के प्रचार-प्रसार तथा लोगों को धार्मिक प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने से संबंधित साक्ष्य मिले। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने शेष आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। मौसी-मामा की बेटी ने धर्म बदला, शिकायत
यह मामला गुरुवार को फरियादी अखिलेश कोली, निवासी ग्राम हंसारी, हाल निवासी बुनकर कॉलोनी, चंदेरी की रिपोर्ट पर दर्ज किया गया था। अखिलेश ने बताया कि शिवपुरी में रहने वाली उसकी मौसी और मामा की बेटी रक्षा ने पहले ईसाई धर्म अपनाया है। वे अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर ईसाई धर्म अपनाने पर विभिन्न संस्थाओं से आर्थिक लाभ और धनराशि मिलने का प्रलोभन दे रही थीं। फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर थाना चंदेरी में आरोपी मिनी कोली, रक्षा कोली और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


