धान का उठाव धीमा, सनौद के खरीदी केंद्र में जाम की स्थिति, जगह की कमी

भास्कर न्यूज | पलारी सेवा सहकारी समिति सनौद में धान खरीदी को लेकर गंभीर स्थिति बनती जा रही है। समिति में कुल 2056 किसान पंजीकृत हैं, लेकिन धान खरीदी केंद्र से समय पर धान का उठाव नहीं होने के कारण सोसाइटी परिसर में धान का भारी भंडारण हो गया है। इस कारण केंद्र में जाम की स्थिति निर्मित हो गई है और यदि शीघ्र ही उठाव की व्यवस्था नहीं की गई, तो कभी भी धान खरीदी बंद किए जाने की नौबत आ सकती है। सनौद सेवा सहकारिता समिति के अंतर्गत ग्राम पलारी, भिरई, सांगली, सनौद और बोहारा के किसान अपनी धान की बिक्री करते हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान धान लेकर केंद्र पहुंच रहे हैं, लेकिन पर्याप्त स्थान न होने और धान के उठाव में देरी के कारण किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। परिवहन नहीं होने पर आने वाले दिनों में धान खरीदी बंद होने की संभावना जताई जा रही है। प्राधिकृत अधिकारी नंदकुमार साहू ने बताया कि धान उठाव के लिए डीओ जारी कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद परिवहन का कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहा है। निगरानी समिति अध्यक्ष ज्ञानेश साहू ने कहा कि यदि समय पर उठाव नहीं हुआ तो किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *