सीधी जिले के रामपुर नैकिन में धान खरीदी केंद्र पर अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। कलेक्टर स्वरोचिस सोमवंशी के निर्देश पर महज 15 मिनट के भीतर अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। किसानों ने आरोप लगाया था कि समिति में धान की खरीदी के दौरान निर्धारित 40 किलो की जगह 41 किलो प्रति बोरी तौली जा रही थी। इसके अतिरिक्त, किसानों से प्रति बोरी 6 रुपये मजदूरी के रूप में भी वसूले जा रहे थे। यह शिकायत शनिवार शाम करीब 4:50 बजे किसान राजेश शुक्ला ने सीधे कलेक्टर सोमवंशी से की थी। कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए। कलेक्टर के सख्त रुख का असर यह हुआ कि रामपुर नैकिन के तहसीलदार आशीष मिश्रा, नायब तहसीलदार महेंद्र द्विवेदी और कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने खरीदी केंद्र पर मौजूद किसानों से बातचीत की और उनके बयान दर्ज किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों और गाइडलाइन के अनुसार ही हर स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसान राजेश शुक्ला ने प्रशासन की इस त्वरित प्रतिक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह किसानों के लिए एक सकारात्मक संदेश है। तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर टीम ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा, “हमने किसानों से बात की, तथ्य जुटाए हैं और अब रिपोर्ट तैयार की जा रही है। दोषियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।”


