धान खरीदी में अनियमितता प्रबंधक को हटाने की मांग

भास्कर न्यूज | प्रतापपुर प्रतापपुर विकासखंड के दवनकरा गांव में धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में किसानों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। फर्जी ऋण प्रकरण, बोरा घोटाला, तौल में हेराफेरी और आदिमजाति सेवा सहकारी समिति दवनकरा की मनमानी के खिलाफ एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने का नेतृत्व प्रदेश महामंत्री आदिवासी कांग्रेस शिवभजन सिंह मराबी ने किया। किसानों ने आरोप लगाया कि समिति प्रबंधक संतोष नाविक के कार्यकाल में धान खरीदी पूरी तरह भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है। फर्जी ऋण चढ़ाना, घटिया बोरे उपलब्ध कराना, निर्धारित सीमा से अधिक धान लेना और किसानों को घंटों कतार में खड़ा करना आम बात बन गई है। पूर्व जांच रिपोर्टों के बावजूद समिति प्रबंधक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदेश महामंत्री शिवभजन सिंह मराबी ने चेतावनी दी कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में किसानों के अधिकारों पर कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने समिति प्रबंधक को तत्काल हटाने, पूर्व जांच रिपोर्टों पर कार्रवाई करने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। धरना-प्रदर्शन में रनसाय सोनपाकर, हरि कुशवाहा, सुखलाल, संग्राम देवांगन, छबेलाल, एजाज खान, अशोक साडिल, कमलेश्वर राजवाड़े मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *