धान चुराकर पीता था शराब, नाराज पत्नी ने मारा डाला:जशपुर में पति को नशे में धुत्त देखा तो डंडे से हमलाकर ले ली जान

जशपुर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में हुई हत्या मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में मृतक की पत्नी आरोपी निकली। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला पति के शराब पीने और चोरी की आदतों और से परेशान थी। यह मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बड़ा कोरंजा का है। एक अंधे कत्ल का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक बीरबल मिंज की पत्नी सुसैना मिंज को गिरफ्तार किया है। दरअसल, यह घटना 16 मार्च 2025 की है। ग्राम बड़ा कोरंजा निवासी स्वदीप मिंज (25 वर्ष) ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने पिता बीरबल मिंज (52 वर्ष) का शव गांव के सेमरन टोप्पो के आंगन में मिला। उसने बताया कि उनके माथे से खून बह रहा था, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां रिपोर्ट में मौत का कारण अत्यधिक रक्तस्राव पाया गया। इससे स्पष्ट हो गया कि यह स्वाभाविक मौत नहीं, बल्कि हत्या थी। शराब के लिए करता था चोरी, इस वजह से हुआ विवाद जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक बीरबल मिंज शराब का आदी था और नशे के लिए घर के धान को चुराकर बेच देता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर उसका पत्नी सुसैना मिंज से विवाद हुआ था। नशे में धुत्त पड़ा देखा तो डंडे से पीटकर ले ली जान शुरुआत में सुसैना पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका पति अक्सर शराब पीकर घर से गायब रहता था और जबरन घर का सामान बेच देता था। घटना की रात जब उसने बीरबल को गांव के एक व्यक्ति के घर में नशे में धुत्त पड़ा देखा, तो गुस्से में आकर उसने वहीं रखे लकड़ी के डंडे से उसके सिर और हाथ पर हमला कर दिया और फिर घर लौट आई। पुलिस ने आरोपी महिला को पकड़ा पुलिस ने आरोपी सुसैना मिंज (50 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया। मौके पर सबूत मिलने के बाद उसे बी.एन.एस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि महिला ने अपने पति की हत्या डंडे से मार कर की थी। पुलिस ने तत्परता से जांच कर इस हत्याकांड की गुत्थी को सुलझा लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *