कवर्धा में धान बिक्री से जुड़ी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। किसान संघ के प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट कवर्धा पहुंचे थे, जहां उन्हें प्रशासन को ज्ञापन सौंपना था। किसान संघ का आरोप है कि निर्धारित समय पर सक्षम अधिकारियों ने ज्ञापन नहीं लिया। जिससे किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिली। अधिकारियों की कथित लापरवाही से आक्रोशित होकर किसान संघ के कार्यकर्ता NH-30 रायपुर–जबलपुर मुख्य मार्ग को जाम करने के लिए निकल पड़े। इस दौरान किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। संघ का कहना है कि धान बिक्री, भुगतान और खरीदी व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर बार-बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।


