भास्कर न्यूज| महासमुंद भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर धान खरीदी की तिथि 15 फरवरी करने की मांग की है। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि इस बार धान खरीदी के नाम पर शुरू से ही समितियों में अव्यवस्था का आलम रहा। जिसके कारण किसान प्रताड़ित होते रहे हैं, कभी भौतिक सत्यापन के नाम पर तो कभी लिमिट के नाम पर, स्थिति यह है कि धान खरीदी के लिए मात्र 15 दिन का समय शेष है और अभी तक केवल 60 प्रतिशत खरीदी हो पाई है। ऐसे में किसान अपना उपज नहीं भेज पाएंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शासन प्रशासन ने कभी भी किसानों की धान बेचने के लिए समस्याओं के प्रति ध्यान नहीं दिया जिसके कारण किसान भटकते रहे हैं। यदि धान बेचने की तिथि और लिमिट नहीं बढ़ाया जाता है तो किसान संघ द्वारा आंदोलन करने बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष कुबेर गिरी गोस्वामी, पिथौरा तहसील अध्यक्ष युवराज साहू, सहकारिता प्रकोष्ठ प्रमुख मायाराम साहू, मंत्री धनंजय साहू आदि मौजूद रहे।


