बालोद| विधायक संगीता सिन्हा ने प्रेसवार्ता कर कहा है कि राज्य में धान खरीदी की अंतिम तिथि में अब महज 4 दिन शेष रह गए हैं, लेकिन इसके बावजूद आज भी 13 हजार से अधिक किसान अपने धान की बिक्री नहीं कर पाए हैं। कई केंद्रों में धान खरीदी की सीमा घटाकर मात्र एक क्विंटल कर दी गई है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। जिन किसानों का सत्यापन पूरा हो चुका है, उनके भी दूसरे और तीसरे टोकन नहीं काटे जा रहे हैं। टोकन के नाम पर किसानों को बार-बार चक्कर लगवाया जा रहा है। कई केंद्रों में तो खरीदी बंद कर दी गई है। धान खरीदी में भ्रष्टाचार के भी गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। किसानों से धान खरीदने के एवज में पैसे मांगने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। ऐसा ही एक मामला डौंडी विकासखंड में सामने आया, जहां एक आरईओ को निलंबित किया गया है। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है।


