धामनोद थाना क्षेत्र के खलघाट यातायात पुलिस चौकी पर मंगलवार शाम को शांति समिति की बैठक हुई। यह बैठक आने वाले बसंत पंचमी के त्योहार को देखते हुए बुलाई गई थी। बैठक में त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई जरूरी सुझावों पर चर्चा की गई। किराएदारों की जानकारी थाने पर दें अधिकारियों ने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखी जाए और जो लोग किराएदार रख रहे हैं, उनकी जानकारी अनिवार्य रूप से थाने में जमा करें। थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने सभी से भाईचारा बनाए रखने की अपील की ताकि त्योहार खुशी-खुशी मनाया जा सके। अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर तहसीलदार कुणाल आवास्या ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर हर थाना स्तर पर लोगों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कोई व्यक्ति भाईचारा बिगाड़ने की कोशिश करता है, संदिग्ध हरकतों में शामिल दिखता है या सोशल मीडिया पर कोई गलत खबर फैलाता है, तो तुरंत प्रशासन को खबर दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना मिलने पर समय रहते कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे, तहसीलदार कुणाल आवास्या और यातायात चौकी प्रभारी पदम सिंह भाटी मुख्य रूप से मौजूद रहे।


