धार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा ने शनिवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में दो महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता की। इन बैठकों में फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 और जिले के राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। पहली बैठक फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 पर केंद्रित थी। इसमें कलेक्टर ने जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे दावे-आपत्तियों के निराकरण, नो-मैपिंग मतदाताओं को जारी नोटिस की सुनवाई और लॉजिकल विसंगतियों के समाधान की प्रगति देखी। कलेक्टर ने आयोग के निर्देशानुसार 31 जनवरी 2026 तक नो-मैपिंग और लॉजिकल विसंगतियों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले दो दिनों में नाम, उम्र और रिश्ते जैसी त्रुटियों को प्राथमिकता से सुधारने को कहा। पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाने के लिए विशेष शिविरों में बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरवाने पर भी जोर दिया गया। राजस्व लक्ष्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश
इसके बाद आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने सभी राजस्व लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वसूली की शेष राशि सात दिनों के भीतर वसूलने के आदेश दिए। कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री में बेहतर कार्य करने वाले सर्वेयरों और पटवारियों को पुरस्कृत करने तथा उन्हें आईडी कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साइबर तहसील में लंबित नामांतरण मामलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लापरवाही बरतने वाले पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में स्वामित्व योजना, आधार लिंकिंग, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, भूमि अर्जन, राजस्व वसूली और न्यायालयों में लंबित प्रकरणों सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी लंबित कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, अन्यथा जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर संजीव केशव पांडेय सहित समस्त अनुविभागीय एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।


