धार के ग्राम उटावद में मंगलवार को पुलिस-प्रशासन की संयुक्त बैठक हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कराना था। इसमें धार नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा, नौगांव थाना प्रभारी हीरू सिंह रावत, एसडीएम राहुल गुप्ता और तहसीलदार मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक जानकारियों पर ध्यान न देने की अपील की। इसके अतिरिक्त, साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया और ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बताए गए। नौगांव थाना प्रभारी हीरू सिंह रावत ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी के मामलों में अक्सर बच्चे और बुजुर्ग निशाना बनते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को किसी भी अनजान या संदिग्ध नंबर से आए फोन कॉल न उठाने, तथा ओटीपी, बैंक जानकारी या व्यक्तिगत विवरण साझा न करने की सलाह दी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया। बैठक में यातायात नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की समझाइश दी गई। गांव में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों को ‘पुलिस डिजिटल मित्र’ वॉट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति, अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाना है। बैठक के दौरान ग्रामवासियों की समस्याएं भी सुनी गईं, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


