धार टॉकीज में क्रीम रोल में ब्लेड मिली:छात्रों के खाने से पहले धारदार ब्लेड मिली, बड़ा हादसा टला

धार शहर के शेषनाग मनमंदिर टॉकीज में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। फिल्म देखने आए कोचिंग छात्रों ने कैंटीन से क्रीम रोल खरीदा, जिसमें एक धारदार लोहे की ब्लेड मिली। समय रहते छात्र की नजर ब्लेड पर पड़ गई, जिससे उसकी जीभ या गले में गंभीर चोट लगने से बच गई। रविवार की छुट्टी होने के कारण कोचिंग के कुछ छात्र टॉकीज में फिल्म देखने पहुंचे थे। उन्होंने कैंटीन से क्रीम रोल खरीदे। एक छात्र जैसे ही रोल खाने वाला था, उसे क्रीम के बीच एक सख्त और चमकती हुई वस्तु दिखाई दी। गौर से देखने पर वह एक पुरानी लोहे की ब्लेड निकली। छात्र घबरा गए और उन्होंने तुरंत कैंटीन स्टाफ को इसकी सूचना दी। क्रीम रोल में ब्लेड मिलने की खबर फैलते ही टॉकीज परिसर में हड़कंप मच गया। इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कैंटीन का निरीक्षण किया। टीम ने संबंधित खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा को लेकर उठे इस गंभीर सवाल ने टॉकीज कैंटीन की लापरवाही पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *