धार में आगामी त्योहारों और बसंत उत्सव के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने रविवार को किरायेदार सत्यापन का सघन अभियान चलाया। इस अभियान के तहत, किरायेदारों की जानकारी थाने में दर्ज न कराने वाले तीन मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि जिला दंडाधिकारी द्वारा धारा 163 बीएनएसएस के अंतर्गत जारी आदेश के पालन में कोतवाली थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जांच की गई। जांच के दौरान, मकान मालिक कैलाश पिता शंकरलाल मुकाती ने अपने किरायेदारों की जानकारी थाने में नहीं दी थी। इसी तरह, रामनगर कॉलोनी में हेमन्त उर्फ सोनू पिता मुरली राठौर और बोरासी मोहल्ला क्षेत्र में सुभाष पिता सीताराम बोरासी ने भी किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था। थाना प्रभारी चौहान ने बताया कि तीनों मामलों में जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद संबंधित मकान मालिकों के विरुद्ध धारा 223(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि जो भी व्यक्ति अपना मकान किराये पर देते हैं, वे अनिवार्य रूप से किरायेदार की संपूर्ण जानकारी थाना कोतवाली में दर्ज कराएं। सुरक्षा की दृष्टि से यह प्रक्रिया आवश्यक है। जल्द ही थाना कोतवाली में किरायेदार वेरिफिकेशन डेस्क भी शुरू किया जाएगा।


