धार की भोजशाला में बसंत पंचमी पर अखंड पूजा की मांग को लेकर शहर में एक विशाल आव्हान वाहन रैली निकाली गई। 23 जनवरी को बसंत पंचमी के दिन हिंदू समाज पूरे दिन अखंड हवन-पूजन की अनुमति चाहता है। इस रैली में भगवा ध्वजों से सजे सैकड़ों दोपहिया वाहनों पर बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल हुए। यह आव्हान वाहन रैली धार शहर के कॉलेज ग्राउंड से शुरू हुई। प्रमुख मार्गों से होते हुए यह रैली मोती बाग चौक पर समाप्त हुई। रैली के दौरान हिंदू समाज के लोगों ने बसंत पंचमी पर अखंड पूजन के नारे लगाए। भोज उत्सव समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी रैली में मौजूद रहे। वाहन रैली से पहले कॉलेज ग्राउंड में एक सभा का आयोजन किया गया। इसमें महंत हरिहरानंद स्वामी जी महाराज मुख्य रूप से शामिल हुए। भोज उत्सव समिति के अध्यक्ष सुरेशचंद्र जलोदिया मंच पर उपस्थित थे। हरिहरानंद स्वामीजी महाराज ने अपने संबोधन में बसंत पंचमी पर भोजशाला में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। पुलिस प्रशासन सक्रिय रहा
भोजशाला मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब-जब बसंत पंचमी शुक्रवार को आई है, तब-तब भोजशाला में हिंदू समाज को अपमानित महसूस हुआ है। उन्होंने बताया कि इस बार भी बसंत पंचमी शुक्रवार को पड़ रही है, और यह रैली बसंत पंचमी पर होने वाले आयोजन के जन जागरण के लिए निकाली गई है। हिंदू समाज की इस आव्हान वाहन रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन सक्रिय रहा। धार शहर के हर चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की गाड़ियां भी लगातार गश्त करती देखी गईं। धार में बसंत पंचमी के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वाहन रैली के दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। भगवा ध्वज लिए रैली में शामिल लोगों ने ‘खाली कर दो रास्ते भोजशाला के वास्ते’ जैसे नारे लगाते हुए बसंत पंचमी पर भोजशाला में अखंड हवन-पूजन की मांग दोहराई।


