धार जिले की दिग्ठान चौकी अंतर्गत ग्राम रतवा में बुधवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। चकुंदर से भरे एक आयशर वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दिग्ठान चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मृतक की पहचान आशिक (20 वर्ष), पिता सुरेश, निवासी मानपुर क्षेत्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आशिक उसी आयशर वाहन में मजदूरी का काम करता था। देर रात चकुंदर भरवाने के बाद वह अपने एक साथी के साथ बाइक क्रमांक MP 09 BKK 7514 से आयशर वाहन के आगे-आगे चल रहा था। आशिक के सिर पर आयशर का पहिया चढ़ गया इसी दौरान ग्राम रतवा के पास सड़क पार करते समय पीछे से आ रही आयशर वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण आशिक के सिर पर आयशर का पहिया चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही दिगठान चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भिजवाया। गुरुवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


