धार पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज डोर (नायलॉन कांचयुक्त मांझा) के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लालबाग क्षेत्र से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास मौजूद स्कूटी की डिक्की से 3 गट्टे प्रतिबंधित मांझा जब्त किया है, जिसकी कीमत 2100 रुपए आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में घातक चाइनीज डोर के उपयोग, भंडारण और बिक्री पर चल रही कार्रवाई के तहत कोतवाली पुलिस ने यह सफलता हासिल की है। कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लालबाग क्षेत्र में दो युवक चाइनीज डोर बेचने के इरादे से खड़े हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को अपनी ओर आता देख दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। स्कूटी की डिक्की में मिला मांझा पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दीपू उर्फ दीपक पिता राजेश राठौर (19 वर्ष), निवासी गंजीखाना और कृष्णा पिता राजेश डांगी, निवासी दशहरा मैदान के रूप में बताई। मौके पर मौजूद उनकी सफेद रंग की स्कूटी की तलाशी लेने पर डिक्की से हीरो प्लस कंपनी के 3 गट्टे प्रतिबंधित चाइनीज डोर बरामद किए गए। धारा 223 के तहत केस दर्ज, पुलिस की अपील कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। यह मांझा मानव जीवन, पशु-पक्षियों और वाहन चालकों के लिए अत्यंत घातक है, इसलिए शासन ने इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि प्रतिबंधित चाइनीज डोर की बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान के नेतृत्व में अरविंद चौहान, अजय सिंह चौहान, रामनरेश यादव और राममूर्ति रावत का विशेष योगदान रहा।


