धार जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में महिला के गले से सोने की चेन छीनने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 1 लाख 20 हजार रुपए कीमत की सोने की चेन बरामद की है। वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। मोहनखेड़ा ब्रिज के पास हुई थी वारदात थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि 28 नवंबर को मोहनखेड़ा ब्रिज के पास कृतिका पति शुभम, निवासी पुराना बस स्टैंड राजगढ़, के साथ चेन स्नेचिंग की घटना हुई थी। फरियादिया की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुखबिर की सूचना पर आरोपी पकड़ा गया धार एसपी मयंक अवस्थी और एएसपी विजय डावर के निर्देश पर तथा एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी संतोष पिता सुंदरसिंह देवका, निवासी ग्राम गुड़ा, थाना टांडा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई है। तीन आरोपी फरार, इनाम घोषित पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल अन्य आरोपी राजेंद्र पिता शंकर, रोहित उर्फ रवि पिता भंवरसिंह और अनिल पिता बनसिंह, सभी निवासी ग्राम गुड़ा, थाना टांडा, फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है और उनकी तलाश जारी है।


