धार की कोतवाली पुलिस ने मोतीबाग चौक सब्जी मंडी में दिनदहाड़े हुए मंगलसूत्र चोरी के मामले में सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उस व्यक्ति को पकड़ा है जिसने सब्जी खरीद रही महिला के गले से मंगलसूत्र काटकर फरार हो गया था। फरियादिया संध्या चौहान (28 वर्ष), पति दीपेश चौहान, निवासी राधानगर कॉलोनी, धार ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि घटना के दौरान एक अज्ञात आरोपी ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र काटकर चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। धार पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। आरोपी घटना के बाद से ही फरार था, जिसकी तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सीसीटीवी कैमरों की लगातार जांच की। आरोपी गिरफ्तार, मंगलसूत्र जब्त
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी का मंगलसूत्र सस्ते दामों में बेचने की फिराक में है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आनंद उर्फ गोलू राठौड़ को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक सोने का मंगलसूत्र और 10 सोने के मोती बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपए बताई गई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी आनंद उर्फ गोलू राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया और चोरी का सामान जब्त कर लिया। पुलिस अब आरोपी से उसके अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है और इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विजय मिश्रा, आसिफ शेख, सुनील यादव, मितेश सैनिक और रोहित चौहान का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


