धार में मंगलवार शाम भाजपा जिला कार्यालय में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। यह सम्मेलन अटल स्मृति वर्ष और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हुआ। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा मुख्य वक्ता रहे। सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती, धार विधायक नीना वर्मा, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटोंदिया, भाजपा नेता डॉ. शरद विजयवर्गीय और जिला महामंत्री देवेंद्र सोनोने मंच पर उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी पार्टी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वामी विवेकानंद के विचारों के अनुरूप देश को आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे 21वीं सदी भारत की सदी बन रही है। भारती ने मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अगले चरण में कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। मुख्य वक्ता विक्रम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार जनसेवा, विश्वास और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि इनके माध्यम से गांवों में पक्के मकान बने हैं, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। विधायक नीना वर्मा ने सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना और किसान कल्याण के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। वर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज, पीएम मित्र पार्क और विधि महाविद्यालय जैसी योजनाओं से धार जिले के विकास को नई दिशा मिली है। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी राखी राय, अमृत जैन, कपिल निनामा, सुभाष जायसवाल, विनीत मंडलोई, रंजीत भंडारी, मोहित तातेड़, मनीष प्रधान, संजय शर्मा सहित मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री आरती पटेल ने किया, जबकि मंडल अध्यक्ष जयराज देवड़ा ने आभार व्यक्त किया। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा द्वारा दी गई।


