धार में सरकारी कर्मचारियों के अवकाश 31 जनवरी तक निरस्त:बसंत पंचमी, स्वच्छ जल अभियान और सड़क पर घूम रहे मवेशियों पर सख्ती के निर्देश

धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा वाले मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। समग्र आईडी से जुड़े लंबित प्रकरणों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए, इन्हें मिशन मोड में हल करने को कहा गया। ई-गवर्नेंस विभाग को तकनीकी खामियां तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा शुरू किए गए ‘स्वच्छ जल अभियान’ पर विशेष ध्यान दिया गया। कलेक्टर ने बताया कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान दो चरणों में चलेगा। पहला चरण 10 जनवरी से 28 फरवरी 2026 तक और दूसरा चरण 1 मार्च से 31 मई 2026 तक निर्धारित है। पेयजल टंकियों की नियमित सफाई के निर्देश
इस अभियान के तहत जल शोधन संयंत्रों और पेयजल टंकियों की नियमित सफाई, जीआईएस आधारित ऐप से निगरानी, पेयजल की गुणवत्ता की जांच और दूषित जल पाए जाने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने यह भी बताया कि 13 जनवरी 2026 को डही में उनकी अध्यक्षता में एक ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई आयोजित होगी। इसमें ‘स्वच्छ जल अभियान’ से संबंधित पानी की समस्याओं पर विशेष सुनवाई की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त पानी से जुड़ी शिकायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। खुले में गोवंश विचरण पर रोक की मांग
लोक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, जिले में सड़कों पर आवारा गोवंश और अन्य मवेशियों के खुले विचरण पर रोक लगाने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। ये आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जारी हुए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले पशुपालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश 9 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगा। बसंत पंचमी (बसंतोत्सव) कार्यक्रम के मद्देनजर, कलेक्टर ने जिले के सभी शासकीय सेवकों के सभी प्रकार के अवकाश 31 जनवरी 2026 तक के लिए निरस्त कर दिए हैं। सभी अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्यालय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *