धार में सरेआम मारपीट का एक और मामला सामने आया है। सोमवार रात जीडीसी कॉलेज के पास एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोमवार रात का बताया जा रहा है, जो मंगलवार सुबह सामने आया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमलावरों ने युवक को सड़क पर गिरा दिया और फिर लात-घूंसे, थप्पड़, बेल्ट और लाठी-डंडों से पीटा। कई युवक झुंड बनाकर पीड़ित पर हमला करते नजर आ रहे हैं। मारपीट के बाद युवक घायल हालत में लंगड़ाते हुए मौके से चला जाता है। घटना के बाद शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस की पकड़ कमजोर पड़ रही है, इसी वजह से सरेआम मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं। नागरिकों ने बताया कि हाल ही में 13 दिसंबर को भी एसपीडी ग्राउंड में करीब 10 युवकों ने एक किशोर के साथ मारपीट की थी, लेकिन ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई नजर नहीं आ रही। आरोपियों और पीड़ित किसी की पहचान नहीं हुई फिलहाल कोतवाली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। न तो मारपीट करने वाले युवकों की पहचान हो सकी है और न ही पीड़ित युवक की। विवाद किस बात को लेकर हुआ, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस बोली- वीडियो के आधार पर जांच पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है और तथ्यों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सरेआम हो रही गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा बना रहे।


