धार जिले के राजगढ़ में शुक्रवार को दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने शादी समारोह में जा रही सास-बहू को निशाना बनाया। बदमाश बहू के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, राजगढ़ के पुराना बस स्टैंड निवासी किराना व्यापारी शुभम रायली की पत्नी कृतिका अपनी सास राखी के साथ स्कूटी से मोहनखेड़ा में एक शादी समारोह में जा रही थीं। राजगढ़-मोहनखेड़ा रोड स्थित ब्रिज के पास एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी के सामने आकर रास्ता रोक लिया। 12 ग्राम की सोने की चेन ले गए बदमाश कृतिका रायली ने बदमाशों से पूछा कि यह क्या हरकत है। इतने में एक बदमाश बाइक से उतरा और कृतिका के गले से करीब 12 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटकर मोहनखेड़ा की ओर भाग निकला। लूटी गई चेन की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद सास-बहू ने तत्काल अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों के साथ राजगढ़ थाने पहुंचकर बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, तलाश जारी राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि चेन स्नैचिंग के इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गुरुवार को भी राजगढ़ में 60 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला के साथ धोखाधड़ी हुई थी, जिसमें बदमाश सोने की चेन और अंगूठी ले गए थे।


