धार में स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान किला मैदान में जिला स्तरीय कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से हुई। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सबसे पहले अतिथियों ने मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वंदे मातरम् का गायन हुआ और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का रिकॉर्डेड संदेश प्रसारित किया गया। इसके बाद जिला योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न योग आसन किए, जिनमें प्रणामासन, हस्त उत्तानासन, हस्तपादासन, अश्व संचालनासन, दंडासन और अष्टांग नमस्कार शामिल थे। योग अधिकारी कश्यप ने सूर्य नमस्कार के महत्व को समझाते हुए बताया कि यह 12 योग आसनों का एक क्रम है, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभदायक है। उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार न केवल शरीर को आकार देने और वजन घटाने में मदद करता है, बल्कि विटामिन डी की प्राप्ति का भी एक प्राकृतिक स्रोत है। यह त्वचा रोगों की रोकथाम, पाचन क्रिया में सुधार और शरीर की नस-नाड़ियों को सक्रिय करने में भी सहायक है। नियमित अभ्यास से आलस्य और अति निद्रा जैसी समस्याएं दूर होती हैं। कार्यक्रम में धार सहित ग्रामीण अंचल के सभी स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो युवा पीढ़ी में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है।


