धार कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 8 जुलाई 2025 को धार बस स्टैंड के पास हुई थी, जहां आरोपियों ने राहुल प्रजापत के साथ मारपीट की थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपेंद्र देवराज और उसके साथी धार में थार गाड़ी लेने आए थे। इसी दौरान फरियादी राहुल और आरोपियों के बीच गाड़ी को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद राहुल के साथ मारपीट की गई। पीड़ित राहुल की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इंदौर के विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी गई। इस दौरान पुलिस ने देवराज पिता यशवंत चौहान (21) और अमन पिता कैलाश जाट (25), दोनों निवासी नर्मदापुरम, को गिरफ्तार किया। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि बचे हुए आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। थाना प्रभारी चौहान ने यह भी बताया कि गिरफ्तारी के दौरान टीम ने आरोपियों की सक्रियता और फरार होने की कोशिशों को देखते हुए उन पर लगातार दबाव बनाए रखा, जिससे उन्हें पकड़ने में सफलता मिली।


