धार में 1 दिसंबर को मनेगा अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव:तैयारी पूरी; स्कूलों व जेल में पुस्तक वितरण, बंदी करेंगे सामूहिक गीता पाठ

धार में 1 दिसंबर को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह महोत्सव विश्व गीता प्रतिष्ठान, युवा भारत, परशुराम कल्याण बोर्ड और जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद धार के संयुक्त तत्वावधान में होगा। इस वर्ष महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ‘जन-जन गीता, घर-घर गीता’ के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है, जिसके लिए आयोजकों ने जनसंपर्क अभियान चलाया है। इसी क्रम में विश्व गीता प्रतिष्ठान के संयोजक संतोष पांडे के मार्गदर्शन में संस्था के सदस्यों ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय का दौरा किया। वहां उन्होंने धार जिले के 13 प्राचार्यों को संस्कृति विभाग द्वारा प्रकाशित गीता की पुस्तकें भेंट कीं। इन पुस्तकों को छात्रों में वितरित किया जाएगा। इस दौरान प्राचार्यों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को महोत्सव के महत्व और स्कूली छात्रों द्वारा गीता के 15वें अध्याय के सस्वर पाठ की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। आयोजकों ने कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न संगठनों के प्रमुखों से भी मुलाकात कर महोत्सव के उद्देश्यों पर चर्चा की। जेल में बंदी करेंगे सामूहिक गीता पाठ
समाज के हर वर्ग तक गीता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से विश्व गीता प्रतिष्ठान के सदस्यों ने जिला जेल धार का भी दौरा किया। उन्होंने जेल अधीक्षक दांगी से मुलाकात कर गीता जयंती के अवसर पर बंदियों के लिए सामूहिक गीता पाठ आयोजित करने का अनुरोध किया, जिसे जेल अधीक्षक ने स्वीकार कर लिया। जेल में बंदियों को गीता की पुस्तकें वितरित की गईं। परशुराम कल्याण बोर्ड के जिला प्रभारी अशोक मनोहर जोशी ने बंदियों को ‘जन-जन गीता, घर-घर गीता’ का संदेश देते हुए स्वाध्याय पाठ कराया। उन्होंने कहा, “अपराध से घृणा करनी चाहिए, अपराधी से नहीं। कोई भी जन्म से अपराधी नहीं होता, बल्कि परिस्थितियां उसे बाध्य करती हैं।” जोशी ने बंदियों को योगेश्वर कृष्ण की गीता को मोक्ष और परमेश्वर की प्राप्ति का माध्यम बताया। उन्होंने उन्हें प्रतिदिन गीता के उपदेशों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक दांगी ने जानकारी दी कि 1 दिसंबर को होने वाले महोत्सव में जिला जेल धार के 50 से अधिक बंदी विश्व गीता प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित गीता ज्ञान योग परीक्षा में भी शामिल होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *