धार में प्रतिबंधित चाइना डोर के 19 बंडल जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 9,500 रुपए बताई जा रही है। जानकीनगर क्षेत्र से एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चौधरी अस्पताल के पास जानकीनगर में एक युवक गत्ते के कार्टून में चाइना डोर बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को पकड़ लिया। पुलिस अब इस सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। सीएसपी सुजावल जग्गा ने बताया कि चाइना डोर पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई इसे बेचता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। जिले में चाइना डोर से होने वाली दुर्घटनाओं और आमजन के जीवन पर बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला दंडाधिकारी के आदेशों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। सीएसपी जग्गा ने यह भी बताया कि चाइना डोर कई लोगों की जान ले चुकी है और जानवरों को भी गंभीर नुकसान पहुंचाती है। ऐसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


