धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को दिनदहाड़े एक निजी यात्री बस को रोककर उसके स्टाफ के साथ मारपीट की गई। यह घटना ग्राम उटावद बायपास के पास हुई, जिससे बस में सवार यात्री, विशेषकर महिलाएं, दहशत में आ गईं। घटना का एक वीडियो अब सामने आया है, जिसे बस में मौजूद एक यात्री ने बनाया था। बस संचालक सुरेश तिवारी ने बताया कि तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह बदमाशों ने इंदौर की ओर जा रही उनकी बस के सामने बाइक अड़ाकर उसे रोका। बदमाशों ने बस के कंडक्टर और ड्राइवर के साथ हाथापाई की, गाली-गलौज की और बेल्ट से बस के कांच भी तोड़ दिए। बस स्टैंड पर हुई थी विवाद की शुरुआत
तिवारी के अनुसार, इस विवाद की शुरुआत पहले बस स्टैंड पर हुई थी। वहां सचिन ठाकुर नामक एक अन्य बस संचालक और उसके साथियों ने बस ड्राइवर के साथ गाली-गलौज की थी। शनिवार को सचिन ठाकुर अपने साथियों के साथ बाइक पर उटावद बायपास पहुंचे और चलती बस को रोककर हमला किया। उन्होंने यह भी बताया कि समय-चक्र (बस के चलने का समय) को लेकर पहले भी सचिन ठाकुर से विवाद होते रहे हैं। घटना के बाद रविवार को बस संचालक सुरेश तिवारी ने नौगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नौगांव थाना प्रभारी हीरू सिंह रावत ने जानकारी दी कि सामने आए वीडियो के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


