धार में रविवार शाम उदय रंजन क्लब मैदान पर आयोजित सांसद खेल महोत्सव का समापन विवादों में घिर गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया अभियान और फिट इंडिया मूवमेंट की भावना के तहत आयोजित इस महोत्सव के समापन के तत्काल बाद खिलाड़ियों ने विरोध प्रदर्शन किया। समापन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि थीं। उनके साथ राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, धार विधायक नीना वर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती सहित कई जनप्रतिनिधि व खिलाड़ी मौजूद थे। मंच से खेलों के महत्व और युवाओं के विकास पर संदेश दिए गए। आर्थिक सहयोग नहीं मिलने पर विरोध जताया
हालांकि, समारोह समाप्त होते ही कुछ खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि उन्हें केवल ट्रॉफी देकर रवाना कर दिया गया, जबकि किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग नहीं मिला। खिलाड़ियों का कहना था कि अन्य संसदीय क्षेत्रों में खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता दी जाती है, लेकिन यहां उनके साथ भेदभाव हुआ। आक्रोशित खिलाड़ियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर को मंच पर ही अपनी ट्रॉफियां वापस कर दीं। कुछ खिलाड़ियों ने मौके पर ही चंदा इकट्ठा कर मंत्री को देने का प्रयास किया और कहा कि जब सहयोग नहीं मिल रहा तो उन्हें ट्रॉफी की भी आवश्यकता नहीं है। विरोध के दौरान कुछ खिलाड़ियों ने अपनी टी-शर्ट उतारकर स्टेज पर रख दीं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोमवार को सामने आया, इसके बाद आयोजन की व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों को मिलने वाले सहयोग को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।


