अमृतसर | आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री एवं मौजूदा विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने सचखंड श्री हरमंदर साहिब की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधिकारियों के साथ बैठक की । सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा के दौरान धालीवाल ने कहा कि आप सरकार एसजीपीसी को हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है। एसजीपीसी अधिकारियों को जहां भी हमारी आवश्यकता होगी, वे उनके एक आदेश पर उपस्थित हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी हमें आदेश दें, हम इस पवित्र स्थान तथा सरबत के भले के लिए अपना बलिदान भी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि धमकियां देने वाले ऐसे शरारती तत्वों से पंजाबवासी डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उक्त आतंकवादी लोगों का मकसद सिर्फ आंतक एवं दहशत फैलाना है।


