धीवर समाज सम्मेलन में CM ने मोबाइल से किया संबोधित:बोले- समाज की सभी मांगों को पूरा किया जाएगा;धमतरी में 500 युवाओं ने दिया परिचय

छत्तीसगढ़ के धमतरी में धीवर समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मोबाइल के जरिए सभा को संबोधित किया, जबकि प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने व्यक्तिगत रूप से शिरकत की। छत्तीसगढ़ धीवर समाज महासभा रायपुर की ओर से रविवार को शहर के एकलव्य खेल परिसर में आयोजित इस प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में प्रदेशभर से 500 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच पर आकर अपना परिचय दिया। मुख्यमंत्री साय ने अपनी व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में उपस्थित न हो पाने पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने धीवर समाज की एकता की सराहना की और आश्वासन दिया कि समाज की सभी मांगों को अवश्य पूरा किया जाएगा। प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने धीवर समाज की तेजी से हो रही प्रगति और सामाजिक एकता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मछुआरा समाज एक संगठित समाज है, जिसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने मछुआ कल्याण बोर्ड की स्थापना की है। मंत्री ने समाज के युवक-युवतियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और उच्च शिक्षा के जुनून का भी जिक्र किया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने जमीनी रजिस्ट्री शुल्क वृद्धि पर कहा कि आदेश अभी लागू रहेगा और इस विषय पर आगे विचार किया जाएगा। सिन्हा कलार समाज को 20 लाख रुपए भवन के लिए छत्तीसगढ़ के धमतरी में सिन्हा कलार समाज की ओर से युवक-युवती परिचय एवं पारिवारिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा शामिल हुए। सम्मेलन में 70 से अधिक युवक-युवतियों ने अपना जीवनसाथी चुनने के उद्देश्य से परिचय दिया। मंत्री ने सिन्हा कलार समाज के भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। धमतरी में जिला स्तरीय सिन्हा कलार समाज की ओर से यह युवक-युवती परिचय और पारिवारिक सम्मेलन हर वर्ष नवंबर-दिसंबर माह में आयोजित किया जाता है। इस साल भी यह आयोजन हुआ, जिसमें जिले के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों से भी युवक-युवती अपना परिचय देने पहुंचे थे। कई प्रतिभागियों ने पहले से ही अपना पंजीकरण करा लिया था। इस मंच का मुख्य उद्देश्य युवक-युवतियों को दाम्पत्य जीवन से जोड़ने का अवसर प्रदान करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा थे। उनके अलावा छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा, कलाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा, धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। युवराज सिन्हा कलार समाज के प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि ऐसे मंच समाज के सदस्यों को एक-दूसरे को जानने का अवसर प्रदान करते हैं, जो समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी कारण नवंबर-दिसंबर में हर जिले में ऐसे परिचय सम्मेलन आयोजित किए जाते हैं, जिससे समय की बचत होती है और योग्य वर-वधू की तलाश आसान होती है। मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि समाज का सम्मेलन हम सभी के बीच भाईचारा, प्रेम और संपर्क बढ़ाने का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में हम अपने सुख-दुख, समाज और संगठन की बातें साझा करते हैं, और समाज को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचार करते हैं। मंत्री वर्मा ने यह भी उल्लेख किया कि 50 साल पहले समाज काफी पिछड़ा हुआ था, लेकिन आज परिस्थितियां बदल गई हैं और सिन्हा कलार समाज निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *