भास्कर न्यूज | अमृतसर घने कोहरे ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक वीरवार रात 11 से शुक्रवार सुबह 11 बजे तक 12 घंटे विजिबिलिटी जीरो रही। इस कारण एयरपोर्ट से सुबह 11.52 बजे पहली फ्लाइट ने उड़ान भरी। इसके अलावा शुक्रवार सुबह कत्थूनंगल टोल प्लाजा के पास और अजनाला में 2 सड़क हादसे हुए। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। दोनों हादसे सुबह 7 से 8 बजे की बीच हुए। सुबह 11 बजे के बाद हालात में धीरे-धीरे सुधार आया और दोपहर 12:30 बजे तक विजिबिलिटी 100 मीटर पहुंची। अमृतसर-पठानकोट हाईवे पर शुक्रवार सुबह 7 बजे कत्थूनंगल टोल प्लाजा के पास हादसा हुआ। धुंध के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने पहले 2 कारों को पीछे से टक्कर मारी फिर बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और सामने से आ रही 2 कारें टकरा गईं। हादसे में कार सवारों को मामूली चोटें आईं, लेकिन 2 कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक अपना ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। राजपाल ने बताया कि परिवार के साथ गुरदासपुर से अमृतसर कार से जा रहे थे। जैसे कत्थूनंगल टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 2 कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं जबकि 2 गाड़ियों का कम नुकसान हुआ है। एएसआई कवल सिंह ने बताया कि ट्रक और 2 कारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी हैं। दूसरा हादसा अजनाला कस्बा के सिविल अस्पताल चौक के पास सुबह 8 बजे हुआ। घने कोहरे के कारण स्कूल वैन ने सामने से एक कार को टक्कर मार दी। दयालपुर के लक्की ने बताया कि कार में बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। सामने से तेज रफ्तार में आकर वैन चालक ने टक्कर मार दी। जब चालक से बात की तो उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी। कोहरे के चलते 6 फ्लाइट्स रद्द और 10 ट्रेनें लेट हुईं। सबसे अधिक असर गरीब रथ एक्सप्रेस पर पड़ा, जो करीब 10 घंटे 30 मिनट की देरी से अमृतसर स्टेशन पर पहुंची। रेलवे के मुताबिक स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस करीब 3 घंटे, शताब्दी एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे की देरी से अमृतसर पहुंची। वहीं दिल्ली-पठानकोट एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से पहुंची। लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी धुंध का असर साफ दिखाई दिया। तिरुवनंतपुरम–नॉर्थ कोच्चि वली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12483) 3 घंटे 26 मिनट, शान-ए-पंजाब (12497) 3 घंटे 54 मिनट, सचखंड एक्सप्रेस (12715) 3 घंटे 56 मिनट, दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस (14679) 2 घंटे 59 मिनट, पश्चिम एक्सप्रेस (12925) 2 घंटे 16 मिनट और संबलपुर–जम्मू तवी एक्सप्रेस (18309) 1 घंटा 32 मिनट देरी से अमृतसर पहुंची। इधर, अमृतसर से रवाना होने वाली ट्रेनों पर भी असर पड़ा। सचखंड एक्सप्रेस (12716) करीब डेढ़ घंटे की देरी से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई, जबकि शान-ए-पंजाब (12498) 4 घंटे 14 मिनट की देरी से चली। वहीं अमृतसर-कुआलालंपुर के अलावा 5 अन्य फ्लाइट्स रद्द रहने के कारण अमृतसर एयरपोर्ट पर आगमन नहीं हो सका। इनमें एयर इंडिया की फ्लाइट ए1703 दिल्ली-अमृतसर, इंडिगो की फ्लाइट 6ई721 दिल्ली-अमृतसर, फ्लाइट 6ई6164, एयर इंडिया की फ्लाइट आईआई 495 दिल्ली-अमृतसर और इंडिगो की फ्लाइट 6ई5063 दिल्ली-अमृतसर शामिल है। सुबह 11.52 बजे कतर की फ्लाइट रवाना हुई, जिसका टाइमिंग सुबह 4.10 मिनट थी। इस कारण सुबह 11.30 बजे तक जाने वाली करीब 8 फ्लाइट 1 घंट से 8 घंटे तक की देरी से रवाना हो हुईं। एसपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने कहा कि घने कोहरे के चलते ज्यादातर हैवी वाहनों के कारण हादसे हो रहे हैं। धुंध में विजिबिलिटी बेहद कम होती है, ऐसे में तेज रफ्तार और सुरक्षित दूरी न रखना सबसे बड़ा खतरा हैं। हैवी वाहनों के चारों ओर रिफ्लेक्टर लगाना जरूरी है। अगर रिफ्लेक्टर न लगे हों तो हादसा होने का खतरा बना रहता है। ड्राइवरों को ट्रैफिक रूल को फॉलो करना चाहिए। सिटी में भी स्कूल प्रबंधकों के साथ मीटिंग कर ड्राइवरों को धुंध में गाड़ी कैसे चलाएं, उसके बारे में जागरूक किया जाएगा।


