भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शहर के उभरते अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी महेन्द्र धुर्वे ने उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित अंडर-19 सीएवीए वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। महेन्द्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट अटेकर के पुरस्कार से भी नवाजा गया। महेन्द्र ने अपने खेल करियर की शुरुआत राजनांदगांव के स्टेट स्कूल मैदान परिसर से की थी। बचपन से ही वॉलीबॉल के प्रति रुचि रखने वाले महेन्द्र ने कठिन परिश्रम और समर्पण से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने महेन्द्र से भेंटकर उनके प्रदर्शन की सराहना की। पुलिस अधीक्षक गर्ग ने कहा कि महेन्द्र जैसे होनहार खिलाड़ी प्रदेश की खेल प्रतिभा के प्रतीक हैं, जो आने वाले समय में भारत का गौरव और बढ़ाएंगे। उन्होंने महेन्द्र को आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहने और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। अभी नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण ले रहे पूर्व में वे ईरान के बहरीन शहर में आयोजित अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। साथ ही ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। वर्तमान में वे नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, त्रिवेंद्रम (केरल) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और निरंतर अपने खेल कौशल को निखारने में जुटे हुए हैं। महेंद्र निरंतर प्रशिक्षण लेते हुए, लगातार कड़ी मेहनत कर अपने गेम को इम्प्रूव करने में जुटे हैं। खासकर तकनीकी पहलुओं पर भी फोकस कर रहे हैं।


