धूंधरी गांव के मोहित कहार का चयन 69वीं राष्ट्रीय स्तरीय विद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता के लिए राजस्थान की टीम में हुआ है। मोहित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल धूंधरी में कक्षा 7 के छात्र हैं। वह 14 वर्ष छात्र वर्ग में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाले क्षेत्र के एकमात्र खिलाड़ी हैं। स्कूल के वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक रामेश्वर प्रसाद बागड़ी ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता 16 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल गुजरवाड़ा, केकड़ी में आयोजित होगी। अपने गृह क्षेत्र में इस प्रतियोगिता का आयोजन होना और मोहित का इसमें चयन होना पूरे गांव व जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एक साधारण परिवार से आने वाले मोहित की इस सफलता पर धूंधरी गांव और कहार समाज में खुशी का माहौल है। स्कूल के प्रधानाचार्य, समस्त स्कूल परिवार, उनके माता-पिता और ग्रामवासियों ने मोहित को मिठाई खिलाकर बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर केकड़ी, अजमेर और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।


