धूप सेंकने निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों की जुटी भीड़:अखेलाव तालाब में 8 महीने से रह रहा है मगर, वन विभाग ने लगाया चेतावनी बोर्ड

सिरोही जिले के अखेलाव तालाब में पिछले 8 महीनों से रह रहे मगरमच्छ ने सोमवार दोपहर को लोगों में दहशत फैला दी। दोपहर करीब 3 बजे मगरमच्छ तालाब के बीच स्थित एक छोटे टापू पर धूप सेंकने के लिए निकल आया। मगरमच्छ को देखने के लिए आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग तालाब किनारे जमा हो गए। सुभाष पार्क और नेहरू पार्क के पीछे स्थित इस तालाब में करीब आठ महीने पहले पहली बार मगरमच्छ को देखा गया था। यहां आसपास के बच्चे नहाने आते थे, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने कार्रवाई की। विभाग ने चेतावनी बोर्ड लगाया और मगरमच्छ को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन एक सप्ताह के प्रयास के बाद भी मगरमच्छ को पकड़ने में असफल रहने पर टीम वापस लौट गई। मगरमच्छ की मौजूदगी की जानकारी के बाद तालाब में नहाने वाले बच्चों की संख्या नगण्य हो गई है। हालांकि, जिला प्रशासन को चिंता है कि कोई अनजान व्यक्ति तालाब में आ सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। आज मगरमच्छ के दिखाई देने के बाद एक बार फिर यह मुद्दा चर्चा में आ गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *