भास्कर न्यूज | बंडामुंडा सिटी स्कूल ने अपना 40वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया। समारोह में मुख्य अतिथि पश्चिमांचल डीआईजी बृजेश कुमार राय थे। उनके अलावा राउरकेला एनआईटी के प्रोफेसर सिंगम जयंथू एवं प्रजापति ब्रम्हकुमारी के राउरकेला अध्यक्ष दीदी बिमला, स्कूल के निदेशक स्वजल कुमार राय अतिथि थे। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के प्राचार्या देवज्योति राय ने स्कूल का वार्षिक लेखा जोखा पेश किए। वार्षिकोत्सव में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने एकल नृत्य और सामूहिक नृत्य करके दर्शकों का मन लुभाया। इसके अलावा ड्रामा, नाटक के माध्यम से रामायण की प्रस्तुति दी गई। छात्राओं ने पर्यावरण, पेड़ की अंधाधुंध कटाई से हानि, हिंदू मुस्लिम एकता, देशभक्तों की वीरता, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे संदेश संगीत और नाटक के माध्यम से पेश किए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत भी किया। मुख्य अतिथि राय ने कहा कि बच्चों को अच्छा नागरिक बनाने में माता-पिता के बाद शिक्षण संस्थानों का अहम योगदान होता है। शिक्षकों को बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए गुणवत्ता पूर्वक शिक्षा देनी चाहिए।


