भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर प्रखंड क्षेत्र की कटांगा पंचायत अंतर्गत धोलाडीह व कुजू पंचायत के कुजू गांव में जिला परिषद फंड से दो आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण होगा। प्रत्येक आंगनबाड़ी भवन की लागत ग्यारह-ग्यारह लाख रुपए है। शनिवार को जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, जिप सदस्य मालती देवगम, मुखिया पिंकी बारदा, राजो टुडू व नामिता सोरेन ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़ व शिलापट्ट अनावरण कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष व सदस्यों ने धोलाडीह में भवन निर्माण स्थल का मुआयना भी किया। मौके पर जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि धोलाडीह व कुजू गांव राजनगर प्रखंड मुख्यालय से काफी सुदूरवर्ती इलाके में बसा है। भवन नहीं रहने के कारण केंद्र संचालन में कई प्रकार की कठिनाई हो रही है। बच्चों को बैठने व सामग्री को रखने में दिक्कत हो रही है। इसे देखते हुए जिला परिषद से जिले के आंगनबाड़ी भवन विहीन गांवों में नए भवन बनाए जा रहे हैं। वहीं, क्षेत्र की जिप सदस्य मालती देवगम ने कहा कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप जिला परिषद से योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है, ताकि जनता को इसका सही लाभ मिले। इस दौरान पूर्व जिप सदस्य डोबरो देवगम, कापरा हांसदा, वार्ड सदस्य सुभाषिनी सरदार, दिलीप राउत, मोतीलाल महतो, अमन हांसदा, नरेंद्र महतो, धोलाडीह ग्राम प्रधान दुर्गाचरण तापे, रासबिहारी सरदार, निरस्थान सरदार, संजीव सरदार, अजय सरदार, उर्मिला सरदार सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।


