प्रतापगढ़ जिले में धोलापानी पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ियों से भरा एक ट्रक जब्त किया है। इस मामले में एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्रसिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में धोलापानी थानाधिकारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने ट्रक नंबर आरजे 14 जीई 6277 को रोका। नीम, सीरस, चुरेल की गिली लकड़ियां ट्रक चालक की पहचान सोराज पुत्र नाथू गुर्जर (30) निवासी धाणी मांगलवाड़ा, तहसील मोजमाबाद, थाना दूदू, जिला जयपुर ग्रामीण के रूप में हुई। जांच में पाया गया कि ट्रक में नीम, सीरस, चुरेल और खेजड़ा (रोंज) की गीली लकड़ियां बिना किसी अनुज्ञापत्र या लाइसेंस के भरी हुई थीं। अवैध लकड़ियां ले जाने के आरोप में सोराज गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


