धौलपुर में जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में पुलिस की ओर से होली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और एसपी विकास सांगवान ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के साथ होली खेली। कार्यक्रम में कलेक्टर और एसपी ने संगीत की धुनों पर पुलिस के जवानों और अधिकारियों के साथ जमकर ठुमके लगाए। पुलिस लाइन का प्रांगण होली के रंगों से सराबोर हो गया। यह आयोजन करीब डेढ़ घंटे तक चला। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने कहा कि होली सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का त्योहार है, जिसे हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए।
एसपी विकास सांगवान ने बताया कि होली का पर्व समाज में सामाजिक समरसता, अमन-चैन और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने समाज की मर्यादाओं में रहकर इस त्योहार को भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।


